पटना से दिल्ली तक सुनाई देगी जीत की धमक! नीरज कुमार का बड़ा दावा, बोले- यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं होगी
Patna Media Bihar No.1 |Ashwani Pratap Singh : बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जेडीयू प्रत्याशी और मौजूदा विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया और कहा कि इस जीत की “धमक पटना से दिल्ली तक सुनाई देगी।”नीरज कुमार ने कहा कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में होने वाली जीत महज एक चुनावी जीत नहीं होगी, बल्कि इसका व्यापक राजनीतिक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी व्यक्ति का मुकाम ही सब कुछ नहीं होता, बल्कि समाज के अलग-अलग वर्गों का समर्थन और लोगों का स्नेह महत्वपूर्ण होता है। नीरज कुमार ने अपने विरोधियों पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि वह धनबल के मामले में भले मजबूत नहीं हैं, लेकिन लोगों के स्नेह और समर्थन के मामले में काफी समृद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ईर्ष्या और द्वेष का शिकार बनाया जा सकता है, लेकिन वह किसी की दया का
पात्र बनना स्वीकार नहीं करेंगे।नामांकन के दौरान नीरज कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की जोड़ी की तुलना राम-लक्ष्मण से की। उन्होंने NDA की एकजुटता को अपनी ताकत बताया।वहीं, निशांत कुमार ने नीरज कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने की बात कही और उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला दिया। नामांकन के दौरान NDA के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी देखने को मिली। अनंत सिंह से विवाद के बीच बढ़ी सियासी हलचल पटना स्नातक सीट का चुनाव नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच विवाद के कारण भी चर्चा में है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख जाहिर किया था और जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में सक्रिय हुए थे। विवाद को शांत कराने के लिए जेडीयू नेतृत्व की ओर से पहल की गई है।6 अक्टूबर को डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने भी कहा कि ललन सिंह की पहल के बाद अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद समाधान की दिशा में बढ़ रहा है। पटना स्नातक समेत बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।


Comments
Post a Comment