बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे डीएम-एसएसपी, राहत कार्यों का लिया जायजा
सारण। जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने रविवार को तरैया, पानापुर, अमनौर एवं मकेर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सुविधाएं तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए सूखा राशन, सामुदायिक रसोई, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, तिरपाल एवं पशु चारा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।डीएम वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहने तथा जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं की जानकारी लेकर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की बात कही।वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Comments
Post a Comment