दिघवारा में तीन घटनाओं से हलचल, CSP से एक लाख की चोरी
Media Bihar No.1 | दिघवारा, सारण
सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में बैंक सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े तीन मामले सामने आए हैं। शीतलपुर बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम कक्ष का सायरन गुरुवार की रात भर बजता रहा। वहीं, बस स्टैंड रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में एक युवक के बैग से एक लाख रुपये चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसके अलावा, गुरुद्वारे में लंगर के नाम पर चंदा मांग रहे चार लोगों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, तलाशी में उनके पास से करीब 23 हजार रुपये बरामद हुए हैं।शीतलपुर बाजार स्थित एसबीआई के बंद एटीएम कक्ष का सायरन गुरुवार की रात अचानक बजने लगा। आवाज सुनकर सुरक्षा में तैनात चौकीदार परेशान हो गया और उसने तत्काल थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को सूचना दी। बैंक के सेंट्रल कंट्रोल रूम से भी थानाध्यक्ष के मोबाइल पर लगातार अलर्ट कॉल आने लगे।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। हालांकि, वहां कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली। सायरन रुक-रुककर बजता रहा और बाद में बंद हो गया, लेकिन शुक्रवार सुबह पांच बजे तक कंट्रोल रूम से अलर्ट कॉल आते रहे। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सायरन में तकनीकी खराबी आ गई थी और पुलिस मौके पर मौजूद रही।
CSP केंद्र में युवक के बैग से एक लाख रुपये चोरी
दिघवारा के बस स्टैंड रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी केंद्र पर एक युवक के बैग से एक लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। कुरैयां गांव निवासी अमितेश कुमार सिंह ने इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।प्राथमिकी के अनुसार, अमितेश ने बैंक ऑफ इंडिया की दिघवारा शाखा से चेक के माध्यम से एक लाख रुपये निकाले थे और उन्हें अपने बैग में रख लिया था। इसके बाद वह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी केंद्र पहुंचा। युवक का आरोप है कि बैंक शाखा से उसका पीछा कर रहे तीन-चार लोगों ने उसके बैग से रुपये निकाल लिए।शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चंदा मांग रहे चार लोगों को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
शीतलपुर पंचायत में पटना साहिब गुरुद्वारे में लंगर के नाम पर चंदा मांग रहे चार लोगों की गतिविधियों पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। बताया गया कि ये लोग पिछले तीन दिनों से इलाके में चंदा मांग रहे थे। ग्रामीणों ने गुरुद्वारा कमेटी से संपर्क कर इसकी पुष्टि की। कमेटी की ओर से इस तरह चंदा वसूली की पुष्टि नहीं होने पर ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी और चारों को पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी विक्रम सिंह और रघुवीर सिंह तथा हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र के अर्जुन सिंह और जसपाल सिंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 23 हजार रुपये बरामद किए गए।पुलिस पूछताछ में इन लोगों ने हरिद्वार की हर की पौड़ी में लंगर चलाने के लिए चंदा मांगने की बात कही। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनके बताए पते और संबंधित संस्थान की जांच की जाएगी। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।थानाध्यक्ष ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Comments
Post a Comment